Tuesday, January 24, 2023

निबंध, मतदान हर भारतीय नागरीक का प्रथम कर्तव्य है |


प्रस्तावना - 26 जनवरी 1950 को जब भारत का संविधान पूर्ण रुप से सम्पूर्ण देश में अमल में आया तो विश्व के सामने भारतीय लोकतंत्र का एक नवीन उदाहरण प्रस्तुत हुआ | हमारे संविधान निर्माताओं ने भारत के प्रत्येक नागरीक को एक समान रुप से बीना लिंग , समुदाय , जाति या पंथ का भेद किए अपना मत देने का अधिकार प्रदान किया , यह अधिकार हमारे संविधान का वह उपहार है जो यह सुनिश्चित करता है कि राष्ट्र एवं राज्य के सम्मुख प्रत्येक नागरीक एक समान है और उसके दिए मत का मूल्य भी एक समान ही है तथा वह देश एवं राज्य के प्रतिनिधियों को चुनने का हक एक समान ही रखता है जिसे उससे कोई नही ले सकता है |


लोकतंत्र में मतदान का योगदान - दुनिया ने बहुत लंबे दौर तक राजशाही देखी थी तथा इसी का क्रुर रुप तानाशाही भी अपने भयावह परिणाम दिखा चूका था और इसकी मूल वजह एक ही थी कि सत्ता पर बैठने वाला व्यक्ति किसी के प्रति उत्तरदायी नही था बस यहीं से लोकतंत्र का जन्म हुआ | प्राचीन रुप में लोकतंत्र भारतीय विचार है जिसकी रुपरेखा बहुत कुछ कौटिल्य के अर्थशास्त्र में मिलती है पर लोकतंत्र का नवीन व वर्तमान स्वरुप यूरोप में विकसित हुआ | नवीन लोकतंत्र में सत्ता पर बैठने वाला व्यक्ति पूर्ण रुप से जनता के प्रति उत्तरदायी होगा जिसका चुनाव जनता ही करेगी और यदि वह अपने दायित्व का निर्वाह सफलतापूर्वक नही कर पाता तो जनता ही उसे मतदान के माध्यम से सत्तामुक्त भी कर देगी | अत: अब सत्ता विरासत में नही बल्कि बहुमत से मिलने लगी यहि कारण है कि लोकतंत्र में मतदान ही वह एकमात्र तरिका है जो लोकतंत्र को बचाएं रख सकता है |


मतदान का अधिकार किसे है - भारत में रहने वाला हर वह व्यक्ति जो 18 वर्ष की आयु पुर्ण कर चूका है भारत में वोट डाल सकता है | मतदान करने के लिए उसके पास मतदाता पहचान पत्र होना अनिवार्य है | यदि भारत में कोई युवा 18 वर्ष की आयु पुर्ण कर चूका है तो उसे अपना नाम निर्वाचन नामावली में जुड़वाना होता है वह इस कार्य के लिए निर्वाचन आयोग में ऑफलाइन या अब ऑनलाइन भी आवेदन कर सकता है तथा उसका नाम जुड़ने के पश्चात उसे मतदाता पहचान पत्र प्रदान कर दिया जाता है |


भारतीय लोकतंत्र में मतदान - भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य है | भारत में प्रत्येक पांच वर्ष में चुनाव कराया जाना अनिवार्य है , भारत निर्वाचन आयोग भारत में लोकसभा , राज्यसभा , राष्ट्रपति , उपराष्ट्रपति तथा विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं का चुनाव कराने के लिए उत्तरदायी है तथा राज्यों में स्थित राज्य निर्वाचन आयोग त्रिस्तरीय नगरपालिकाओं तथा पंचायतों का चुनाव कराने के लिए जिम्मेदार है | जब भी देश में या राज्य मे कोई चुनाव होता है तो देश का नागरीक अपने संबंधित क्षेत्र में वोट डाल सकता है |


मतदान करना क्यों आवश्यक है - भारत देश जैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक राष्ट्र में प्रतिनिधियों का चुनाव वोटिंग के माध्यम से होता है और एक बार चुनकर आया प्रतिनिधि पांच वर्ष के लिए प्रभावी रहता है | जब भी हमारे राज्य के विधानमण्डल या फिर देश में लोकसभा के सदस्यों का चुनाव होता है तो हमे अपने क्षेत्र के विधायक या सांसद को चुनने का अवसर वोट के माध्यम से होता है और हमे इस अवसर का सदुपयोग बढ़-चढ़ कर करना चाहिए जिससे क्षेत्र को एक उत्तम प्रतिनिधित्व मिल सके जो क्षेत्र और देश के विकास में सकारात्मक योगदान दे सके |


मतदाता के मूल कर्तव्य - जब भी भारत में चुनाव संपन्न हो जाता है तो चुनाव आयोग वोटिंग का प्रतिशत जारी करता है इससे यह पता चलता है कि देश में कितने वोटर हैं और कितने लोगों ने अपने वोट देने के अधिकार का प्रयोग किया और यह बहुत ही चिंतनीय विषय है की यह प्रतिशत कभी भी 100 प्रतिशत नही होता | तात्पर्य यह कि कभी भी पूरे वोटरों ने अपने अधिकार का प्रयोग नही किया जो कि किसी भी लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है | देश के हर वोटर को वोट डालने को अपना मौलिक कर्तव्य समझना चाहिए तथा लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए | 


लोकतंत्र में एक जागरुक मतदाता का महत्व - जब राज्य मे या देश में किसी भी चुनाव का विभिन्न दल अपने उम्मीदवारों का प्रचार प्रसार करते हैं तो यह देखा जाता है की बहुत से दल वोटर को अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देते हैं तथा धर्म एवं जाति के मुद्दे को उठाकर मतदाता को बरगलाने का प्रयास करते हैं मगर एक जागरुक वोटर ना तो किसी तरह के लालच में आता है और ना ही जाति , पंथ एवं भाईभतिजावाद जैसे अनरगल प्रयोजनों में फंसता है तथा वह निष्पक्ष एवं तटस्थ रहकर अपने वोट का प्रयोग करता है एवं एक योग्य कर्मठ एवं प्रभावशाली उम्मीदवार का चयन करता है | सही मायने में एक जागरुक मतदाता ही एक स्वस्थ एवं मजबूत लोकतंत्र का आधार स्तंभ है |


उपसंहार - लोकतांत्रिक ढांचे में मतदान का योगदान सर्वोपरि है और मतदाता ही इसका रक्षक है | प्रत्येक वोटर का यह प्रथम कर्तव्य है कि वह मतदान करे | भारत में भारत का प्रत्येक नागरीक मतदान करने का अधिकार है और वह इसका प्रयोग निर्बाधरूप से कर सकता है | हर वोटर को प्रत्येक चुनाव में पुरी गरिमा एवं जागरुकता के साथ मतदान करने को राष्ट्र के प्रति अपना प्रथम कर्तव्य समझते हुए मतदान करना चाहिए |


Saturday, October 29, 2022

असंपादित सत्य 06 , धर्म ग्रंथों के भिन्नतापूर्ण अनुवादों से उत्पन्न हुई भ्रम की स्थिति पर एक परिचर्चा |


    कुछ दिनों पहले मैने पुरी श्रीमद्भगवत् गीता पढ़ी और अब भागवत पुराण पढ़ रहा हूं | पढ़ने के दौरान कुछ श्लोकों का हिन्दी अनुवाद मैं ने इंटरनेट पर देखा तो कुछ अनुवाद मैं जो पुस्तक पढ़ रहा था उससे थोड़े अलग मिले और जब मैने विडियोज देखे तो उनमें भी कुछ हद तक यही मिला | यही वजह है कि कहीं-कहीं भ्रम की सी स्थिति उत्पन्न हो गयी | पर ज्यादा ढूढ़ने पर स्थिति साफ हो गयी | फिर तो बस एक सिलसिले की तरह युट्युब पर डिबेट देखने लगा तब जाकर पता चला कि इस स्थिति ने तो भयावह रुप ले लिया है और ये स्थिति केवल विधर्मीयों की ही नही है समधर्मीयों की भी है | जिस पर मुझे लगता है कि एक विस्तृत परिचर्चा की जरुरत है | इसके लिए मेरे मत में इन तथ्यों पर ध्यान देना चाहिए |


     हमारे कुछ धार्मिक ग्रंथों के बारे में कहा जाता है की वो लगभग 6000 BCE से भी ज्यादा पुराने हैं और इस बात पर गौर करें के ऐसा कहा जाता है इसकी असली डेट क्या है ये किसी को पता नहीं है और ये डेट्स भी संवतों के अनुसार अलग-अलग मानी जाती है | जैसे युधिष्ठिर संवत के अनुसार लगभग 8000 BCE विक्रम संवत के अनुसार 6000 BCE शक संवत के अनुसार 5000 से 4000 BCE शकांत संवत के अनुसार 3000 से 2500 BCE | वर्तमान की हमारी जो इतिहास की किताबें हैं उनमें ऐतिहासिक घटनाओं की जो डेटींग यानी की कालक्रम है वह शकांत संवत के अनुसार हैं जिसे शक संवत समझा जाता है ऐसा कुछ इतिहासकारों का मत हैं | इससे भी कालक्रम में बहुत सी अनियमितताए उत्पन्न हुई होंगी माना जा सकता है |


     अब हम यदि सबसे आखिर का संवत ले तो भी ये ग्रंथ आज के हिसाब से 5000 से लेकर 4500 साल पुराने हैं | अब हम अगर इनके अनुवाद की बात करें तो हमे समझना चाहिए कि इनका इन 4-5 हजार सालों में अब तक हजारों बार ट्रांसलेशन यानी की अनुवाद हुआ होगा और हमे इस तथ्य पर भी ध्यान देना चाहिए की किसी भाषा को जैसी वो आज हमारे समय में हैं वैसी होने में हजारों वर्ष का समय लगा है | जैसे मैं अपनी बात हिन्दी भाषा का उदाहरण देकर ही समझाना चाहूंगा | प्रारंभ में जो हिन्दी थी करीब 1000 वर्ष पूर्व वो प्राकृत के नाम से जानी जाती है आज इतिहास में , फिर यही आगे चलकर देशभाषा हुई , पिंगल हुई , सधुक्कडी़ हुई तब कही जाकर आज इस स्वरुप में हम तक पहुच पाई है | तो बदलाव के 1000 वर्षों में भी इन सभी परिवर्तित भाषा कालखण्डो में भी अनुवाद आदी कार्य होते रहें हैं | तो यह सब बदलाब भी आज सम्मिलित हो गए हैं | 


     जैसा की हम सब जानते हैं कि भारतवर्ष पर पिछले 2-3 हजार वर्ष से बाहरी आक्रमण होते रहे हैं और हमारे बहुत से मंदिर एवं विश्वविद्यालय बर्बर आक्रांताओं द्वारा तोड़ दिए गए हैं आग के हवाले कर दिए गए हैं जिसमें सहेज कर रखा गया हमारे पूर्वजों का हजारों साल का ज्ञान नष्ट कर दिया गया है | जिसमें नालंदा विश्वविद्यालय का इतिहास हम सब को पता है जिसे जब आक्रांता बख्तियार खिलजी ने आग लगा कर जलाया तो उसमें 30 लाख फस्ट हैड बुक यानी की जिनकी प्रतिलिपि नही है थी जिन्हें पुरा जलने में तीन माह का समय लगा था | तो इन सब में भी हमने अपमे बहुत से अनमोल ग्रंथ खोए हैं या आज जिनके कुछ भाग मिले हैं उनके कुछ भाग खो दिए हैं , हमें यह भी ध्यान में रखना होगा | 


     पर सबसे महत्वपूर्ण ये बात है जिसे अनदेखा नही करना चाहिए कि आज कल ही किसी एक ग्रंथ की ही किसी एक भाषा में सैकड़ों अनुवादकों का कार्य उपलब्ध है | तो किसी एक अनुवादक का अनुवाद लेकर फिर इस तरह की डिबेट करना मुझे तो पानी में लाठी पीटने जैसा ही लगता है |

Tuesday, June 21, 2022

असंपादित सत्य 05 , बॉलीवुड का अंधा गोरी प्रेम और भारतीय समाज पर इसके घातक परिणाम |


     गोरी तेरा गांव बड़ा प्यारा मै तो गया मारा आके यहा रे , गोरे रंग पे इतना गुमान कर गोरा रंग दो दिन में ढल जाएगा , गोरे गोरे मुखडे पे काला काला चश्मा , गोरिया चुराना मेरा जिया गोरिया , तैनु काला चश्मा जंचता है जंचता हैं गोरे मुखडे पे , गोरी हैं कलाईया तू लादे मुझे हरी हरी चूड़ीयां अपना बनाले मुझे बालमा और ऐसे अनगिनत गाने हैं जिसमें गोरे रंग का भाव भर भर कर प्रकट हो रहा है और यही नही ये तो हम सब ने बॉलीवुड की फिल्मों में देखा ही है की हीरोइन का रंग गोरा होना कितना आवश्यक है | अगर मैं आपसे पूछू कि किसी ऐसी फिल्म का नाम बताइए जो आपने देखी हो जिसमें हीरोइन का रंग काला या सांवला हो तो आप नही बता पाएंगे क्योंकि ऐसी कोई फिल्म तलाश कर पाना लगभग असंभव है | बॉलीवुड का ये अंधा गोरा प्रेम या गोरी प्रेम यू ही नही है इसके पीछे सौंदर्य प्रसाधन सामग्री बनाने बाली कंपनियों का मोटा पैसा है | बॉलीवुड की लगभग हर फिल्म में इन कंपनियों का पैसा लगा होता है और ये बॉलीवुड सितारों को प्रचार करने का पैसा अलग से देते हैं | और इसमें टीवी सीरियल बाले और आजकल ओटीटी बाले भी कोई पीछे नहीं हैं | संक्षेप में कहे तो बॉलीवुड ने ये जो गोरी शब्द को लड़की का पर्यायवाची बना दिया है इसके पीछे केवल और केवल पैसा है | 


     इससे पहले कि आप ये कहे कि केवल बॉलीवुड ही इस गोरे रंग के प्रति अंधे प्रेम की एकमात्र वजह नही है तो मै भी मानता हूं कि केवल बॉलीवुड ही इस अंधे प्रेम की एकमात्र वजह नही है इसका कुछ भाग हमारी गोरों की गुलामी से भी प्रभावित है मगर सबसे बड़ी वजह बॉलीवुड ही है क्योंकि फिल्में और टीवी सीरियल ये बहुत बड़े माध्यम हैं | अगर बॉलीवुड पैसों का भक्त न होकर देशहित और समाजहित में कार्य करता तो आज हम ये काले गोरे रंग से उपजे भेदभाव को भरने में कामयाब हो गए होते मगर बॉलीवुड ने तो अपने लालच में काले गोरे रंग के भेदभाव को एवं गोरे रंग के प्रति अंधे प्रेम को और परवान चढा दिया | अब गोरे रंग के प्रति लोगों की दीवानगी इस हद तक हो गयी है कि वो अपना चेहरा या शरीर गोरा करने के लिए कितना भी पैसा खर्च करने के लिए तैयार हैं कोई भी दर्द सहने के लिए तैयार हैं कोई भी प्रयोग करने के लिए तैयार हैं |


     आज ये गोरे रंग के प्रति अंधा प्रेम ही हमारे वर्तमान समाज को कहा तक ले आया है कि विडंबना देखिए हम अपने घर की मंदिर में श्याम श्री कृष्ण की पुजा करते हैं मगर हमें न अपना बेटा श्याम वर्ण में चाहिए ना दामाद | हम भले ही अपने घर की मंदिर में मां काली की पुजा करते हो मगर हमे न अपनी बेटी काली चाहिए ना बहू | किसी काले व्यक्ति या महिला को देखते ही हम ये अंदाजा लगाना शुरू कर देते हैं कि ये फला जाती से होगा ये देहाती होगा ये फला काम करता होगा ये कम पढ़ा लिखा या अनपढ़ होगा और फिर हम उससे व्यवहार भी उसके प्रति बनाई गई अपनी धारणा के अनुसार ही करते हैं |


     अगर हम ये गर्व करते हैं की हम दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यता है जो अब भी कायम हैं तो हमें ये समझना पड़ेगा की वो क्या मूल्य थे जो हमारे पूर्वजों ने पालन किए और उन्हें हम तक पहुँचाया तो मुझे लगता है कि वो सबसे बड़ा मूल्य है किसी व्यक्ति को उसके रंग या शरीर की बनावट के आधार पर न देखकर उसके गुणों के आधार पर उसके कर्मों के आधार पर देखना यही वजह है कि हम आज भी अपने घर की मंदिर में श्याम योगेश्वर श्री कृष्ण और मां काली की पुजा करते हैं जब की ये भी काले रंग के हैं |