Thursday, November 4, 2021

'दीया' होने का एक अर्थ 'राम' होना भी है


     आज दीपावली है और हम अपने घरों में उल्लास के साथ यह पर्व मना रहे हैं और बड़े उत्साह के साथ रात को सारे घर में दीपक जलाने का इंतजार कर रहे हैं और यही तो दीपावली का सौंदर्य है जो जगमगाते दीपकों का प्रकाश प्रकृति के कण कण में भर देता है | आपको दीपावली के पावन पर्व पर अनेक अनेक शुभकामनाएं |

     दीयों को अगर खुशीयों का सबसे अच्छा प्रतीक कहा जाए तो कोई अतिशयोक्तिपूर्ण बात नही होगी | जब राम का जन्म कौशल्या के गर्भ से हुआ तब तक राम के पिता यानी राजा दशरथ को कोई संतान नही थी तो राम के जन्म को पूरे अयोध्या में बड़े धूमधाम से मनाया गया , अयोध्या वासियों ने अपने युवराज के जन्म को भी दीपावली की तरह से ही मनाया था | राम जब चौदह वर्ष के वनवास और लंका विजय कर वापस अयोध्या आए तब भी अयोध्या वासियों ने दीये जलाकर दीपावली मनाई |

     यदि हम दोनों अवसरों 'राम के जन्म' तथा 'राम के वापस अयोध्या आगमन' को देखें तो    दोनों ही समय राम निराशा के अंधेरे में उम्मीद की रोशनी बनकर आए और दोनों ही समय में उनका स्वागत अयोध्या वासियों ने दीये जलाकर खुशीयां मनाकर किया | पुजा से लेकर बाकी हमें खुशी देने वाले हर कार्य में दीये सम्मिलित होते हैं और राम तो जनमानस के रोम रोम में हैं तब यह सर्वथा सत्य हो जाता है कि 'दीया'' होने का एक अर्थ 'राम' होना भी है |